जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने एक दिन में दो कार्रवाई करते हुए 82.81 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया। स्पेशल सेल और बिलाड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग ऑपरेशन में दो कारों को जब्त कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए मादक पदार्थ की तस्करी के लिए वैन्यू और ब्रेजा कार का इस्तेमाल किया जा रहा था। दूसरी कार से छह अलग-अलग नंबरों की फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं। जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कॉन्स्टेबल सेठाराम की मुखबिर सूचना पर नाकाबंदी की। पहली कार्रवाई में पुलिस ने काले रंग की वैन्यू कार को रुकवाने का प्रयास किया तो ड्राइवर ने नाकाबंदी देखकर कार वापस घुमाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने कार को डिटेन कर तलाशी ली तो उसमें 42.850 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त मिला। कार में सवार राकेश जाट निवासी डांगियावास और लिखमाराम विश्नोई निवासी लूणी को गिरफ्तार किया गया। छह फर्जी नंबर प्लेट बरामद वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने ब्रेजा कार को रुकवाकर तलाशी ली। कार से 39.96 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त और छह अलग-अलग नंबरों की फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई। इस मामले में हड़मान विश्नोई और महेंद्र विश्नोई निवासी कल्याणपुर जिला बालोतरा को गिरफ्तार किया गया। खरीफ फरोख्त के संबंध में की जा रही पूछताछ दोनों कार्रवाइयों में 82.81 किलोग्राम डोडा पोस्त, दो कारें और छह फर्जी नंबर प्लेट जब्त की गई हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत बिलाड़ा थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थों के सप्लायर से लेकर तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।