अलवर नगर निगम के 65 वार्डों की वोटिंग के 2 दिन बाद कांग्रेस प्रत्याशियों की जयपुर के आसपास रिसोर्ट में की गई बाड़ेबंदी से कुछ वीडियो सामने आए हैं। कांग्रेस के नेता व प्रत्याशी सुबह के समय मंदिर में आरती करते हुए और शाम के समय ग्राउंड में क्रिकेट खेलते हुए दिखे हैं। हालांकि अभी बीजेपी की बाड़ेबंदी के वीडियो सामने नहीं आए हैं। बीजेपी के प्रत्याशी उत्तराखंड गए हुए थ। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी जयपुर के आसपास रिसोर्ट में हैं। अलवर शहर विधानसभा से कांग्रेस के दो बार प्रत्याशी रह चुके नरेंद्र शर्मा ने बताया कि उनके प्रत्याशी व परिवारजन सब एक परिवार की तरह रह रहे हैं। सुबह के समय जल्दी उठकर आरती करते हैं और शाम के समय कुछ खेल प्रेमी क्रिकेट खेलते हैं। कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि राजस्थान में बीजेपी के प्रत्याशी स्विमिंग पूल में आनंद उठा रहे हैं। हालांकि अलवर के बीजेपी के प्रत्याशियों के वीडियो अभी सामने नहीं आए हैं। बाड़बंदी में पुलिस के पहुंचने पर राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज में कांग्रेस व समर्थित कांग्रेस के प्रत्याशियों को घरवालों पर दबाव बनाकर जबर्दस्ती घुसने का प्रयास करने में लगे हैं। लेाकल पुलिस को साथ लेकर सरकार ऐसा करके पुरानी परिपाटी को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। निकाय चुनाव को लेकर राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक वीडियो जारी कर कहा कि नगर निकाय चुनावों में पुलिस और प्रशासन पर सत्ताधारी पक्ष के इशारे पर तानाशाही करने, विपक्ष के प्रत्याशियों पर अनुचित दबाव बनाने तथा चुनावी कैंपों में पुलिस बल भेजकर बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। बयान के अनुसार, राज्य सरकार चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी, लेकिन कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मजबूरी में चुनाव कराए जा रहे हैं। इसके अलावा चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए EVM के साथ VVPAT न लगाने, मतदाताओं को पर्चियां न बांटने और बुजुर्गों व दिव्यांगों के लिए होम वोटिंग की सुविधा न देने का मुद्दा उठाया गया है। पुलिस पर कानून-व्यवस्था संभालने के बजाय पार्षदों की पकड़-धकड़ करने और सत्ताधारी दल का सहयोग करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से अपील की गई है कि वे किसी दल के एजेंट बनने के बजाय संविधान के दायरे में रहकर निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराएं।