अलवर में तेज रफ्तार अर्टिगा कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोग बुजुर्ग को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अरावली विहार थाना क्षेत्र में देव इंटरनेशनल कॉलेज के पास शुक्रवार शाम 5 बजे यह हादसा हुआ। रोडवेज में कंडक्टर पद से रिटायर नरेंद्र कुमार मूल रूप से सिकंदरा के रहने वाले थे। नरेंद्र कई साल से अलवर के साउथ वेस्ट ब्लॉक में किराए के मकान में रह रहे थे। पड़ोसी विक्रम ने बताया कि नरेंद्र कुमार शाम के समय घर के पास टहल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए। हादसे की सूचना पुलिस को भी दी गई। हादसे में नरेंद्र कुमार की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक छा गया। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ड्राइवर की तलाश में जुटी है।