रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के आईजी ज्योति कुमार सतीजा ने सोमवार को अलवर रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ थाने का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में आईजी ने अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा- त्योहारों को देखते हुए ट्रेनों में एस्कॉर्टिंग की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल 56 से 60 ट्रेनों में एस्कॉर्टिंग करवाई जा रही है। आईजी ज्योति कुमार सतीजा ने कहा- सुरक्षा सम्मेलन में जवानों और अधिकारियों से बातचीत की गई। इसमें फोर्स से जुड़ी समस्याओं, इस्तेमाल की जा रही तकनीक और कार्यप्रणाली में सुधार के विषयों पर चर्चा हुई। जवानों को अपनी सोच में बदलाव लाने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा- आरपीएफ में इस्तेमाल होने वाले तकनीकी एप्लीकेशन आरएसएमएस, एचआरएमएस, निदान, आरके अहम माफिस और एनसीआरसी का बेहतर उपयोग कैसे किया जाए, इस पर चर्चा की गई। इनका उद्देश्य कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। इसके अलावा जवानों की शारीरिक और मानसिक फिटनेस तथा यात्रियों के साथ व्यवहार को लेकर भी चर्चा हुई। 150 जवानों का चल रहा प्रशिक्षण आईजी ने बताया- यात्रियों से संबंधित अपराधों और घटनाओं, रेलवे एक्ट के तहत होने वाले अपराधों तथा जन विश्वास अधिनियम के अंतर्गत रेलवे की व्यवस्था में सुधार लाने पर भी ध्यान दिया गया है। खासकर जयपुर और अजमेर जैसे बड़े स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। जयपुर स्टेशन पर एक्सेस कंट्रोल व्यवस्था को भी काफी मजबूत किया गया है। आईजी ने बताया- पदों से संबंधित स्थिति के बीच बांदीकुई में 150 जवानों का प्रशिक्षण चल रहा है। फिलहाल सभी जवानों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं खाली पदों की समस्या पर भी सरकार विचार कर रही है।