अलवर शहर और जिले में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम बदल गया। आसमान में घने बादल छा गए और तेज तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक हुई बारिश के दौरान शहर सहित कई इलाकों में ओले भी गिरे। कई जगह गाड़ियों के डैशबोर्ड पर ओले जमा हो गए। बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान गिर गया और मौसम ठंडा हो गया। वहीं तेज तूफान और बारिश से तिजारा फाटक के पास विश्वकर्मा कॉलोनी में एक घर में टीन शेड उड़कर वापस घर पर ही गिर गया। घटना के समय मकान मालिक विकलांग जसवीर सिंह घर में था। वहीं उसकी पत्नी बलविंदर कौर फैक्ट्री में मजदूरी के लिए गई थी। दो बच्चे स्कूल गए थे। जसवीर के सिर और पैर में चोट आई। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद के पति सतीश यादव मौके पर पहुंचे और प्रशासन को मामले की जानकारी दी। रबी की फसलों की बुवाई में बारिश से फायदा खेती-किसानी के लिहाज से भी मौसम का यह बदलाव अहम है। अक्टूबर का आखिरी सप्ताह रबी की फसलों की बुवाई की तैयारी का समय है। ऐसे में बारिश से खेतों में नमी बढ़ सकती है, जो बुवाई के लिए उपयोगी हो सकती है। हालांकि तेज हवा और ओलावृष्टि का असर खेतों में खड़ी फसलों और सब्जियों पर पड़ने की आशंका भी रहती है। खास बात यह है कि मौसम विभाग ने शुक्रवार को मौसम सामान्य रहने का अनुमान जताया था, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। अब किसानों की नजर मौसम के अगले रुख और खेतों की स्थिति पर रहेगी।