आमेट में नगरपालिका मंडल की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के खेल मैदान में विजयदशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। भगवान श्रीराम ने अग्निबाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। पुतला धू-धू कर जलते ही पूरा मैदान ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा। लोगों ने एक-दूसरे को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। सिद्धिविनायक मंदिर से निकली राम दरबार की शोभायात्रा रावण दहन से पहले भगवान श्रीराम के राम दरबार की भव्य शोभायात्रा सिद्धिविनायक मंदिर से रवाना हुई। शोभायात्रा भीलवाड़ा रोड, स्टेट बैंक, उप जिला चिकित्सालय और पन्नाधाय बस स्टैंड होते हुए खेल मैदान पहुंची। इसमें शहरवासी जय श्रीराम के उद्घोष लगाते हुए शामिल हुए। मार्ग में शोभायात्रा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आरती के बाद हुआ रावण दहन खेल मैदान पहुंचने पर नगरपालिका अध्यक्ष दिनेश सरणोत ने राम दरबार की विधिवत आरती कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। रावण दहन के बाद भगवान श्रीराम की महाआरती की गई और रंगारंग आतिशबाजी हुई। बारिश के बावजूद समय पर तैयार हुआ पुतला दशहरा कार्यक्रम से पहले दोपहर में करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई, जिससे रावण का पुतला भीग गया। हालांकि, कारीगरों ने तत्परता दिखाते हुए दहन से पहले पुतले को दोबारा व्यवस्थित कर दिया। इसके चलते निर्धारित समय पर रावण दहन संपन्न हुआ। शहरवासियों ने उत्साह के साथ विजयदशमी पर्व मनाया।