अनूपगढ़ शहर में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दशहरा कमेटी की ओर से महाराजा गंगा सिंह मेला ग्राउंड पर 27वें दशहरा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान 75 फीट ऊंचे रावण, 70 फीट के कुंभकर्ण और 65 फीट के मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। कार्यक्रम में हजारों लोग मौजूद रहे। विशाल पुतले और आतिशबाजी रहे आकर्षण दशहरा महोत्सव का मुख्य आकर्षण विशालकाय पुतले और आतिशबाजी रही। कुशल कारीगरों ने तीनों पुतले तैयार किए थे। दहन के दौरान रावण के पुतले के मुंह से आग निकलने का दृश्य खास आकर्षण का केंद्र रहा। दशहरा कमेटी अध्यक्ष भजन लाल कामरा और सचिव बूटा सिंह चावला ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। मैदान में दर्शकों के बैठने, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन ने व्यवस्था संभाली, जिससे कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिली। जनप्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य लोग पहुंचे महोत्सव में विधायक शिमला नायक, पूर्व विधायक संतोष बावरी, एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल और नगरपालिका अध्यक्ष निखिला-मोहित छाबड़ा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील गोदारा, वरिष्ठ समाजसेवी मोहन अग्रवाल, निर्मला गोदारा, अरोड़वंश वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष कुशाल चुचरा और कामरा रिसोर्ट के नारायण दास कामरा सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा। दशहरा कमेटी अध्यक्ष भजन लाल कामरा, सचिव बूटा सिंह चावला और कोषाध्यक्ष बलविन्द्र सिंह बहोलिया ने आयोजन में सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताया।