ढहरिया| गुढ़ाचन्द्रजी पुलिस चौकी में पंचायत राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीएलजी सदस्यों से चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने पर जोर दिया गया। बैठक में थानाप्रभारी ओमेन्द्र सिंह ने सीएलजी सदस्यों को पंचायत चुनावों की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 और 30 अक्टूबर को जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और सरपंच पदों के लिए होने वाले चुनावों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा। संवेदनशील परिस्थितियों पर नजर रखने के साथ शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।