बालोतरा जिले के जेरला गांव के पास निर्माणाधीन जिला अस्पताल के पीछे बबूल की झाड़ियों में गुरुवार को एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बालोतरा निवासी नरपतसिंह के रूप में हुई। उनके शरीर पर खून के निशान मिले हैं। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति अस्पताल के पीछे से घर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों के पास पड़े शव पर पड़ी। उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पचपदरा पुलिस को सूचना दी। कल शाम घर से निकले थे नरपतसिंह पचपदरा थानाधिकारी बाबूराम ने बताया कि जेरला गांव की सरहद में शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि नरपतसिंह बुधवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। गुरुवार को शव मिलने की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और पहचान की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग के शरीर पर खून के निशान मिले हैं। ऐसे में उनके साथ किसी वारदात की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।