बालोतरा जिले के पादरू में दीपावली के त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को पादरू में कार्रवाई की। ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए, जबकि 11 पैकेट अवधिपार बेकरी आइटम नष्ट कराए गए। शिकायत पर दूध डेयरी का निरीक्षण खाद्य सुरक्षा दल ने शिकायत के आधार पर धनलक्ष्मी दूध डेयरी का निरीक्षण कर नमूने लिए। इसके अलावा मां नागणेची मिष्ठान भंडार और न्यू रॉयल स्वीट्स से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई विभाग के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावट पर अंकुश लगाना है। पैकेट पर एक्सपायरी डेट जरूर जांचें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम चौधरी ने बताया-जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लेने की कार्रवाई जारी है। उन्होंने आमजन से लाइसेंसधारी या भरोसेमंद विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की। पैकेटबंद सामान खरीदते समय पैकेजिंग की तारीख, उपयोग की अंतिम तिथि और अन्य जरूरी जानकारियां जांचने की सलाह दी। उन्होंने अवधिपार खाद्य सामग्री खरीदने और खाने से बचने की अपील भी की। अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी और जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव के निर्देश पर की गई। टीम का नेतृत्व सीएमएचओ डॉ. उम्मेदाराम चौधरी ने किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरधारी राम, भोजराज और विभागीय टीम के सदस्य मौजूद रहे।