‘मेरा सोमवार को पचपदरा रिफाइनरी में हेल्पर के पद के लिए इंटरव्यू होना था। इसके लिए मैं शुक्रवार शाम को अपने गांव से पचपदरा आ गया था। यहां मैं दोस्तों के घर रुका था। रविवार सुबह हम जोधपुर में भोमिया जी के दर्शन करने गए थे। लौटते समय हादसा हो गया और मैं हॉस्पिटल पहुंच गया।’ यह कहना है बालोतरा के गोल गांव निवासी हेमाराम का। हेमाराम रविवार रात करीब 11:30 बजे बालोतरा में स्कॉर्पियो के डंपर में घुस जाने से घायल हो गया था। बाड़मेर-जोधपुर नेशनल हाईवे पर पचपदरा थाना क्षेत्र के भाडिंयावास गांव में हुए हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें बालोतरा के कानोड गांव निवासी रेवांताराम (26) पुत्र गेनाराम जाट, स्वरूपाराम (27) पुत्र मेहराराम जाट, भरत (25) पुत्र बन्नाराम जाट, किशन (27) पुत्र शेराराम जाट और भावेश पुत्र कलाराम जाट थे। वहीं तीन घायलों हेमाराम, बाबू और मुकेश का इलाज जोधपुर के एमडीएम हॉस्पिटल में चल रहा है। छुट्‌टी के कारण घूमने का बनाया था प्लान हेमाराम ने बताया- स्वरूपाराम और रेवांताराम रिफाइनरी में काम करते थे। रिफाइनरी में शनिवार को हाफ डे रहता है। वहीं रविवार को छुट्टी रहती है। ऐसे में सभी ने रविवार सुबह जोधपुर में भोमिया जी के दर्शन करने जाने का प्लान बनाया। दर्शन करने के बाद सभी गांव के लिए निकले थे। मैं और मुकेश स्कॉर्पियो में पीछे की सीट पर सो रहे थे। स्वरूपाराम गाड़ी ड्राइव कर रहा था और रेवांताराम उसके पास बैठा था। बाकी चार लोग बीच वाली सीट पर बैठे थे। अचानक डंपर से स्कॉर्पियो टकरा गई। जब मुझे होश आया तो लोगों के चिल्लाने की आवाज आ रही थी। लोगों ने कार से हमें बाहर निकाला और हॉस्पिटल पहुंचाया। एक्सीडेंट में इनकी हुई मौत… कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहे हेमाराम के भाई खेमराज ने बताया- मैंने भाई को भी रिफाइनरी में जॉब लगाने के लिए उसके दोस्तों से कहा था। घायल बाबू और मुकेश चचेरे भाई हैं। परिजनों ने बताया- बाबू और मुकेश, दोनों जोधपुर में रहकर कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहे हैं। दोनों को घूमने के लिए जोधपुर से गाड़ी में बैठाया था। … एक्सीडेंट की यह खबर भी पढ़ें... तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डंपर में घुसी, 5 की मौत, VIDEO:जोधपुर में मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे, गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंसे शव बालोतरा में भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। 3 लोग गंभीर घायल हैं। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। (पूरी खबर पढ़ें)