लोहागढ़ स्टेडियम में चल रही 70वीं राज्य स्तरीय स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के बीच स्टेडियम के बाथरूम में प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा मिला है। इसमें दवाओं के रैपर, इंजेक्शन, सिरिंज एवं खाली व कुछ भरे हुए इंजेक्शन दिखाई दिए हैं। इससे खिलाड़ियों द्वारा इनके इस्तेमाल करने की आशंका एक बार फिर गहरा गई है। प्रतियोगिता से जुड़े कुछ कोच एवं एथलीट्स की ओर से इनके फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया है कि कुछ खिलाड़ी दौड़ में उतरने से पहले इन इंजेक्शन का उपयोग करते हैं। इनमें मेलडोनियम (माइल्ड्रोनेट) दवा का नाम बताया जा रहा है, जिसे विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने प्रतिबंधित पदार्थों की सूची में शामिल कर रखा है। कुछ कोचों का दावा है कि कतिपय एथलीट दौड़ से आधा से एक घंटा पहले इन दवाओं का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, केवल शीशी या रैपर मिलने से किसी खिलाड़ी का डोपिंग करना साबित नहीं होता।