बांसवाड़ा के आंबापुरा थाना पुलिस ने बिजली लाइन के एल्युमीनियम तार चोरी मामले का खुलासा करते हुए चौकीदार और खरीदार को गिरफ्तार किया है। 29 मार्च की रात बीरपुर जीएसएस से नल्दा फीडर तक चल रहे काम के दौरान तार चोरी हुए थे। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए करीब एक टन 80 किलो तार और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर जब्त की। बरामद माल की कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। चौकीदार ही निकला आरोपी मामले में सांवरिया इंटरप्राइजेज के संचालक राजकुमार सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत बीरपुर जीएसएस से नल्दा फीडर तक बिजली लाइन बिछाने का काम चल रहा था। सामान की सुरक्षा के लिए बसंत सिंह (23) निवासी पलेवाघाटी को चौकीदार रखा गया था। 29 मार्च की रात उसने बाड़े में रखे दो ड्रम एल्युमीनियम तार ट्रैक्टर में भरकर चोरी कर ली। तकनीकी जांच और सूचना से पहुंची पुलिस पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में थानाधिकारी निर्भय सिंह राणावत की टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी टीम और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बसंत सिंह उर्फ पिन्टु को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। खरीदार तक पहुंचकर बरामद किया माल आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी का तार मुनिसिंह उर्फ मुन्ना (32) निवासी दौसा को बेचा था। इसके बाद पुलिस ने मुनिसिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से पूरा चोरी का माल बरामद कर लिया। पुलिस ने करीब एक टन 80 किलो एल्युमीनियम तार और बोलेरो कैंपर जब्त की। दोनों आरोपी गिरफ्तार, टीम ने की कार्रवाई पुलिस ने चौकीदार बसंत सिंह निवासी पलेवाघाटी जिला उदयपुर और खरीदार मुनिसिंह निवासी घुमना जिला दौसा को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में थानाधिकारी निर्भय सिंह, एएसआई प्रकाशचंद्र, हेड कॉन्स्टेबल कीर्तन सिंह सहित 8 सदस्यों की टीम शामिल रही। पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस तरह की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सके।