बांसवाड़ा के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के छाजा गांव के पास बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल हुए युवक को लहूलुहान हालत में एमजी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम 5 बजे के करीब हुई। ​जानकारी के मुताबिक- कांगलिया गांव में रहने वाला महेंद्र डामोर पुत्र हरजी जरूरी काम पर जाने की बाह कहकर घर से बाइक पर निकला था। महेंद्र छाजा गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। महेंद्र के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गम्भीर चोटें लगीं। मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। ​अस्पताल में तोड़ा दम, कल होगा पोस्टमार्टम ​प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- तुरंत 108 एम्बुलेंस को हादसे की सूचना दी गई। सड़क पर महेंद्र खून से लथपथ हालत में पड़ा था। एंबुलेंस से उसे आनंदपुरी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे आनंदपुरी से महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) बांसवाड़ा रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। ​शव को एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। कल शनिवार को परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर सौंपा जाएगा।