बांसवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र के पलोदरा गांव में लूट के इरादे से आए बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक के शरीर पर चार अलग-अलग जगह वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में उसे महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसके घावों पर करीब 30 टांके आए हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है। मामा के घर जाते समय रास्ते में रोका जानकारी के अनुसार, विनोद डामोर पुत्र रायसिंह डामोर बांसवाड़ा में रहकर एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है। घटना मंगलवार शाम करीब 8 बजे की बताई गई है। विनोद बांसवाड़ा से पलोदरा गांव स्थित अपने मामा मणिलाल खराड़ी के घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने अपनी बाइक उसके आगे लगाकर उसे रोक लिया। लूट का विरोध करने पर चाकू से किए चार वार घायल युवक के मामा मणिलाल ने बताया कि बदमाशों ने विनोद को रोकने के बाद उसकी जेब से मोबाइल और पैसे छीनने की कोशिश की। आरोपियों ने उसकी बाइक लूटने का भी प्रयास किया। विनोद ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से चार वार कर दिए। हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बदमाश उसकी बाइक की चाबी छीनकर मौके से फरार हो गए। विनोद ने किसी तरह अपनी जान बचाई। एमजी अस्पताल में चल रहा इलाज घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और विनोद को तत्काल एमजी अस्पताल ले गए। उसके शरीर पर चाकू के चार घाव होने के कारण करीब 30 टांके लगाए गए हैं। युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।