बांसवाड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ‘ऑपरेशन साइबर प्रहार’ के तहत साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट के खिलाफ जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। लोहारिया थाना पुलिस ने रविवार को ऑनलाइन गेमिंग का लालच देकर मोबाइल से साइबर फ्रॉड और लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 16 सिम कार्ड, 3 मोबाइल फोन और 1 फिनो बैंक एटीएम कार्ड मिला है। पूरे अभियान में अब तक 54 जगह छापेमारी की जा चुकी है और कुल 26 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। ऑनलाइन गेमिंग का लालच देकर करता था ठगी लोहारिया थानाधिकारी जयपाल सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान थाने की विशेष टीम ने रविवार को एक आरोपी को पकड़ा। आरोपी ऑनलाइन गेमिंग का लालच देकर मोबाइल के जरिए साइबर फ्रॉड करता था और लोगों के साथ धोखाधड़ी करता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश पुत्र केवजी पाटीदार (29), निवासी आसन, थाना लोहारिया के रूप में हुई है। 16 सिम, 3 मोबाइल और फिनो एटीएम बरामद पुलिस ने प्रकाश के खिलाफ लोहारिया थाने में BNS और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़ी कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच सुरेन्द्र सिंह राव, थानाधिकारी थाना गढ़ी को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 16 सिम कार्ड, 3 मोबाइल फोन और 1 फिनो बैंक एटीएम कार्ड बरामद किया है। पुलिस अब इन सामान के इस्तेमाल और साइबर ठगी से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। 54 जगह छापे, 26 आरोपी गिरफ्तार पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन साइबर प्रहार’ के तहत जिलेभर में अब तक 54 जगह छापेमारी की गई है। अभियान के तहत गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या अब 26 हो गई है। पुलिस साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट से जुड़े मामलों में आगे भी कार्रवाई कर रही है। बांसवाड़ा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने लोगों को किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर भरोसा नहीं करने और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है।