राज्य सरकार के निर्देशानुसार मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे 'शुद्ध के लिए युद्ध' अभियान के तहत आज खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में औचक छापेमारी की। इस दौरान टीम ने प्रसिद्ध मुन्ना भाई कुल्फी वाले के यहां पहुंची और आइसक्रीम और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। ​तीन चरणों में चलेगा विशेष अभियान ​खाद्य सुरक्षा अधिकारी उम्मेद मल टेलर ने बताया कि यह अभियान तीन सप्ताह तक अलग-अलग चरणों में चलेगा: ​पहला चरण: 18 तारीख तक दूध और डेयरी उत्पादों की जांच की गई, जिसमें कुल 9 सैंपल लिए गए। ​दूसरा चरण: 20 से 25 तारीख तक आइसक्रीम, कुल्फी और बर्फ से बने उत्पादों पर फोकस रहेगा। ​तीसरा चरण: आगामी दिनों में कोल्ड ड्रिंक्स और अन्य शीतल पेयों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। ​टेलर ने कहा कि आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री मिले, यही हमारा मुख्य उद्देश्य है। कार्रवाई पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है। मैं खुद अपनी टीम को अंतिम समय तक नहीं बताता कि हमें कहां छापा मारना है। ​सैंपल फेल होने पर होगी कड़ी कार्रवाई ​कुशलबाग स्थित मुन्ना भाई कुल्फी सेंटर, दानपुर मिष्ठान भण्डार के गोदाम सहित कई अन्य प्रतिष्ठानों से लिए गए सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।