बांसवाड़ा में ग्लोबल B.Ed. कॉलेज (बड़ोदिया) के डायरेक्टर-लेक्चरर और टीचर को छात्र से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते ACB ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी छात्रों की अटेंडेंस मैनेज करने और इंटर्नशिप के रिलीव लेटर देने के लिए प्रति स्टूडेंट 20 हजार की डिमांड कर रहे थे। शिकायत के बाद एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बांसवाड़ा इकाई ने कॉलेज के डायरेक्टर सिद्धांत जैन, राजनीतिक विज्ञान की लेक्चरर सुनीता जैन और रसायन विज्ञान के टीचर भूपेंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत का सत्यापन किया गया जानकारी के मुताबिक- 21 और 22 अक्टूबर को रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान तीनों आरोपियों ने माना कि वे हर छात्र से 20 हजार रुपए की डिमांड कर रहे थे। शिकायत पुख्ता होने के बाद ​एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। एसीबी बांसवाड़ा के उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में शुक्रवार को टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। भूपेंद्र जैन के हाथों में मिले 5 हजार ट्रैप की कार्रवाई के दौरान टीचर भूपेंद्र जैन शिकायतकर्ता से 5,000 रुपए रिश्वत के तौर पर लेता मिला। टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ा। मांग के सत्यापन में आरोपी डायरेक्टर सिद्धांत जैन और लेक्चरर सुनिता जैन की मुख्य भूमिकाएं पाई गई। इसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ जारी जानकारी के मुताबिक डायरेक्टर सिद्धांत जैन खुद कॉलेज का मालिक भी है। कॉलेज में करीब 600 स्टूडेंट अध्ययनरत हैं। ​एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। एसीबी की ओर से इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।