राजस्थान सरकार के पशुपालन निदेशालय द्वारा बांसवाड़ा में पशु चिकित्सालय में पशुधन सहायक (गणक) के पद पर तैनात कर्मराज सिंह झाला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन और सक्षम स्तर के अधिकारी की अनुमति के बिना लगातार अनुपस्थित रहने के कारण की गई है। ​सोशल मीडिया पर प्रचार और अनुपस्थिति का मामला ​कार्यालय प्रभारी अधिकारी, आदर्श आचार संहिता एवं नियंत्रण कक्ष प्रकोष्ठ, बांसवाड़ा की शिकायत के अनुसार, कर्मराज सिंह झाला द्वारा सोशल मीडिया पर चुनाव संबंधी प्रचार-प्रसार (फोटोग्राफ एवं वीडियो) करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर संयुक्त निदेशक, पशुपालन विभाग, बांसवाड़ा द्वारा उन्हें 23 अक्टूबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जांच में सामने आया कि वे बिना अनुमति के 16 अक्टूबर 2026 से लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। ​निलंबन काल में मुख्यालय रहेगा जयपुर ​राजस्थान सिविल सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-1958 के नियम-13 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए निदेशक डॉ. सुरेश चन्द मीणा द्वारा यह निलंबन आदेश जारी किया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान कर्मराज सिंह झाला का मुख्यालय निदेशालय, पशुपालन विभाग, जयपुर निर्धारित किया गया है। ​कर्मराज सिंह झाला का पक्ष ​इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पशुधन सहायक कर्मराज सिंह झाला ने बताया कि उनकी पत्नी दीप्ति कांग्रेस के टिकट पर वार्ड 4 से जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं, और उनकी सुरक्षा व सहायता के लिए उन्हें साथ जाना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता के नशे में चूर नेता यह काम करवा रहे हैं।