बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर स्थित मोरडी मिल के बीएमडी प्लांट में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम करने के दौरान मशीन से अचानक गैस का रिसाव होने से एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। घायल कर्मचारी को तुरंत स्थानीय एमजी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। ​डेढ़ घंटे पहले शुरू हुई थी प्रक्रिया, हीटर चेक करने के दौरान हुआ हादसा ​जानकारी के मुताबिक यह घटना देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे की है। घायल कर्मचारी महेंद्र कुमार यादव (35) मोरडी मिल के बीएमडी प्लांट में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। ​घटना के संबंध में घायल महेंद्र कुमार ने बताया कि वे मशीन चालू करने की प्रक्रिया में थे और मशीन का हीटर चेक कर रहे थे। हालांकि मुख्य गैस लाइन और मशीन बंद थी, लेकिन इसके बावजूद चैंबर में पहले से मौजूद गैस का अचानक रिसाव (लीकेज) शुरू हो गया। गैस इतनी तेजी से फैली कि वे संभल नहीं पाए और उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। ​रात सवा बारह बजे पहुंचे एमजी हॉस्पिटल ​हादसे के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत आनन-फानन में घायल महेंद्र कुमार को रात करीब सवा बारह बजे महात्मा गांधी (एमजी) हॉस्पिटल के आपातकालीन वार्ड में लाया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है।