बांसवाड़ा-उदयपुर हाईवे पर सोमवार शाम चलती कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और कार जलकर कबाड़ हो गई। कार में सवार दोनों लोगों ने समय रहते बाहर आकर जान बचाई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आसपुर से झालोद जा रहे थे दोनों युवक जानकारी के अनुसार, कार में झालोद निवासी सलीम पिता यूसुफ (50) और सलीम पिता सत्तर (40) सवार थे। दोनों आसपुर से झालोद जा रहे थे। इसी दौरान बड़गांव के पास सोमवार शाम करीब 7:30 बजे कार से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं। कार सवारों ने तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल ने बुझाई आग, कार पूरी तरह जली चलती कार में आग लगने की सूचना पर सदर थाना पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। हाईवे पर लगा जाम, शॉर्ट सर्किट की आशंका हादसे के कारण हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू करवाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। प्रारंभिक तौर पर कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।