दिल्ली में आयोजित कांग्रेस के 'रामलीला मार्च' में शामिल नहीं होने पर भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत बांसवाड़ा यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष पृथ्वीराज मालवीया को तत्काल प्रभाव से पद से निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि पृथ्वीराज मालवीया ने 4 अक्टूबर को ही जिलाध्यक्ष पद का चुनाव जीता था और अपनी नियुक्ति के महज एक महीने के भीतर ही उन पर यह गाज गिरी है। संगठन ने जारी किया निलंबन आदेश भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी विकास चिकारा तथा सचिव व सह प्रभारी ज्ञानेश शुक्ला द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार दिल्ली के रामलीला मार्च में अनुपस्थित रहने वाले राजस्थान के 12 जिला अध्यक्षों को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। इस सूची में बांसवाड़ा से पृथ्वीराज मालवीया का नाम भी शामिल है। 8719 वोट हासिल कर बने थे जिलाध्यक्ष हाल ही में संपन्न हुए युवा कांग्रेस चुनावों में गढ़ी सीट से आने वाले पृथ्वीराज मालवीया ने 8719 वोट हासिल कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी गणेशलाल डामोर (8372 वोट) को 347 मतों के करीबी अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी। 4 अक्टूबर को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उन्हें बांसवाड़ा जिला यूथ कांग्रेस की कमान सौंपी गई थी।