बांसवाड़ा में जिला परिषद सदस्यों के नामांकन वापसी का आज अंतिम दिन था।​ जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि त्रिस्तरीय चुनाव के तहत नामांकन पत्र वापस लेने का निर्धारित समय आज दोपहर 3:00 बजे तक का था। तय समय सीमा के भीतर कुल 8 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। ​मान्यता प्राप्त और निर्दलीय उम्मीदवारों को मिले चुनाव चिन्ह ​नामांकन वापसी की प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद, दोपहर 3:00 बजे के बाद से ही चुनाव प्रतीकों (सिंबल) के आवंटन का कार्य शुरू कर दिया गया। जिला कलेक्टर ने जानकारी दी कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उनके लिए अधिकृत चुनाव चिह्न आवंटित किए गए हैं। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवारों द्वारा नामांकन में भरी गई तीन प्राथमिकताओं के आधार पर और उपलब्धता के अनुसार उन्हें सिंबल आवंटित किए गए हैं। ​कार्यालय के बाहर चस्पा होगी फाइनल सूची ​प्रशासन द्वारा चुनाव लड़ने वाले अंतिम रूप से वैध उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली गई है। इस फाइनल सूची को शीघ्र ही कार्यालय के बाहर चस्पा किया जाएगा, जिससे आमजन और मतदाता इसे आसानी से देख सकें। ​आदर्श आचार संहिता और चुनावी खर्च के नियमों की दी गई जानकारी ​आज कलेक्ट्रेट पहुंचे सभी प्रत्याशियों को जिला प्रशासन की ओर से आदर्श आचार संहिता की सही तरीके से पालना करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, उम्मीदवारों को चुनाव खर्च से जुड़े नियमों और उनकी सीमाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया है।