भास्कर न्यूज | झालावाड़ एडीएम कोर्ट में फैसलों का बहिष्कार अभिभाषक परिषद करेगी। इसके लिए शुक्रवार को कार्यकारिणी ने निर्णय लिया है। परिषद के अध्यक्ष मुकेश कुमार शर्मा व महासचिव सौम्य परिहार ने बताया कि एडीएम अनुराग भार्गव के स्थानांतरण के बावजूद लंबित प्रकरणों का पक्षकारों और अधिवक्ताओं की अनुपस्थिति में निस्तारण किया जा रहा है। अभिभाषक परिषद झालावाड़ ने एडीएम न्यायालय के बहिष्कार की घोषणा की है। परिषद ने राजस्थान राजस्व मंडल के अध्यक्ष के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन भेजकर एडीएम को तत्काल कार्यमुक्त करने और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि न्यायालय समय में अधिवक्ता और पक्षकार उपस्थित रहते हैं, लेकिन कार्यालय समय समाप्त होने के बाद उनकी गैर मौजूदगी में प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है। परिषद पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में एडीएम से बातचीत करने पर भी उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया। उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और कार्यालय से बाहर जाने तक के लिए कहा। परिषद का आरोप है कि इस तरह के व्यवहार से अधिवक्ताओं और पक्षकारों में असहजता का माहौल है। अभिभाषक परिषद ने एडीएम कार्ट के बहिष्कार का निर्णय लिया है।