बारां जिले के आसन गांव के पास परवन नदी में शनिवार को नहाते समय एक युवक डूब गया। वह अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। हादसे के बाद से युवक की तलाश जारी है। एसडीआरएफ और नगर पालिका सांगोद की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। सोरसन की झोपड़ियां निवासी अर्जुन (25) पुत्र रमेशचंद ओड अपने दोस्तों के साथ परवन नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलने पर सांगोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी भूपेश शर्मा ने बताया कि युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। नगर पालिका सांगोद की टीम के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे को 6 घंटे से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। नदी में पानी ज्यादा होने के कारण बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है। घटना के बाद से परिवार का बुरा हाल है।