बारां में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग के ठिकानों पर वाणिज्यिक कर विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की टीमों ने गर्ग के आवास, मुख्य कार्यालय और गोदाम पर एक साथ छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, आवास पर वाणिज्यिक कर विभाग के साथ आयकर विभाग की टीम भी दस्तावेज जांच रही है। कार्रवाई के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। विभाग की टीम ने तीनों ठिकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कर रखी है। इस कार्रवाई में वाणिज्यिक कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर स्तर के अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। अंदर दस्तावेजों, स्टॉक और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच जारी है। देर शाम तक यह कार्रवाई जारी रहने की संभावना है। विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद दी जाएगी।