भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ गुरुवार को पंचायती राज चुनाव 2026 के सिलसिले में एक दिन के दौरे पर बारां पहुंचे। उन्होंने अंता से दौरे की शुरुआत की और डोलिया रिसोर्ट में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा कि सभी को मिल-जुलकर एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने जिला परिषद में भाजपा का जिला प्रमुख और अंता पंचायत समिति में पार्टी का प्रधान बनाने पर जोर दिया। राठौड़ ने कहा कि संगठन की ताकत से चुनाव में जीत मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक मजबूती से जुटने को कहा। उनके मुताबिक, आपसी तालमेल और समन्वय से पंचायती राज चुनाव में भाजपा को जीत मिल सकती है। अंता पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने राठौड़ का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। दौरे के कार्यक्रम के मुताबिक, राठौड़ अंता के बाद दोपहर में किशनगंज और अटरू जाएंगे। शाम को वे बारां में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रमों में शामिल होंगे।