बारां नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान दल मंगलवार को रवाना होंगे। 9 सितंबर को 3 निकाय क्षेत्रों में होने वाले मतदान के लिए 166 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। रवाना होने से पहले मतदान दलों को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के भीतरी मैदान में आखिरी ट्रेनिंग दी जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि पहले चरण में नगर परिषद बारां, नगरपालिका अंता और सीसवाली क्षेत्र में चुनाव होंगे। मतदान दलों को रवाना होने से पहले उन्हें मतदान के दिन किए जाने वाले कामों, जरूरी नियमों, सावधानियों और निर्देशों के बारे में जानकारी दी गई है। इसके बाद मतदान दल ट्रेनिंग वाली जगह पर बने काउंटरों से मतदान सामग्री लेंगे और मिले वाहन से पुलिस के साथ तय रूट चार्ट के अनुसार अपने मतदान केंद्र पर पहुंचेंगे। तीनों नगर निकायों के चुनाव में कुल 166 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें बारां में 111, अंता में 35 और सीसवाली में 20 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। तीनों निकायों के चुनाव में कुल 1,29,154 मतदाता वोट डाल सकेंगे।