बारां जिला एवं सेशन न्यायाधीश सत्यनारायण टेलर ने जिला कारागृह का औचक निरीक्षण कर कैदियों की समस्याएं सुनीं और अदालतों में तय तारीख पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जेलर को कैदियों की समय पर पेशी सुनिश्चित करने, भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने और बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान विचाराधीन मामलों, वकीलों से संपर्क, चिकित्सा सुविधा और कानूनी सहायता की स्थिति की भी जानकारी ली गई। विचाराधीन मामलों और कानूनी सहायता पर चर्चा न्यायाधीश टेलर ने कैदियों से उनके विचाराधीन मुकदमों, मामलों के लंबित रहने की अवधि और वकीलों से संपर्क के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कैदियों को मुकदमे की सामान्य प्रक्रिया भी समझाई। उन्होंने बताया कि जो कैदी वकील नियुक्त करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सरकारी वकील उपलब्ध कराया जाता है। भोजन की गुणवत्ता और चिकित्सा सुविधा जांची निरीक्षण के दौरान भोजन, इलाज, पैरवी और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा हुई। भोजनशाला में न्यायाधीश ने सब्जियों में इस्तेमाल किए जा रहे मसालों के बारे में जानकारी ली और कैदियों को अच्छी गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जेलर धारासिंह ने बताया कि कैदियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार भोजन दिया जाता है। उनकी स्वास्थ्य जांच के लिए समय-समय पर डॉक्टर भी आते हैं। नए वीसी कक्ष में लगेंगे पांच कंप्यूटर जेलर धारासिंह ने बताया कि आगामी एक-दो महीने में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए नया वीसी कक्ष बनाया जाएगा, जिसमें करीब पांच कंप्यूटर सिस्टम लगाए जाएंगे। फिलहाल एक कंप्यूटर के माध्यम से पेशी कराने में परेशानी होती है। नई व्यवस्था से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैदियों की पेशी कराने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। ये रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान अधीक्षक पृथ्वीसिंह कव्या, वरिष्ठ मुंसरिम किशनसिंह मीणा और लिपिक मुकेश सेन भी मौजूद रहे।