बारां में चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को राजकीय कृषि महाविद्यालय में होगी। इस बार चुनाव से जुड़ी गतिविधियों का केंद्र भी यही भवन रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने बुधवार शाम मांगरोल रोड स्थित महाविद्यालय भवन में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गतिविधि केंद्रों और स्ट्रांग रूम की व्यवस्था देखी और अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। असावा ने बताया कि पहले चुनावी गतिविधियों और स्ट्रांग रूम के लिए शहर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का इस्तेमाल होता था। इस बार राजकीय कृषि महाविद्यालय को केंद्र बनाया गया है। भवन में निर्वाचन कर्मी ईवीएम तैयार कर रहे हैं। तीसरे और चौथे चरण के मतदान के लिए मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के बाद यहीं से रवाना होंगे। मतदान के बाद उपखंड स्तर से ईवीएम यहां जमा होंगी। जिला परिषद और पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव की मतगणना भी 20 नवंबर को इसी भवन में होगी।