बारां जिले में नगर निकाय चुनाव के दोनों चरणों का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो गया। जिले के 6 निकायों के 210 वार्डों में कुल 763 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है। अब सभी को 14 सितंबर को होने वाली मतगणना का इंतजार है। नगर परिषद बारां की मतगणना बॉयज पीजी कॉलेज में होगी। रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम रामावतार मीणा ने बताया कि मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसके लिए 14 टेबल लगाई जाएंगी और कुल 8 राउंड में गिनती होगी। हर राउंड में करीब 20 मिनट का समय लगेगा। ऐसे में अंतिम नतीजे सुबह करीब 11:30 बजे तक आने का अनुमान है। मतगणना स्थल पर सिर्फ अधिकृत लोगों को ही अंदर जाने दिया जाएगा। प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू मतदान खत्म होते ही प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू हो गई है। संभावित नतीजों को देखते हुए प्रमुख दलों ने पहले चरण के मतदान के बाद ही अपने प्रत्याशियों को गोपनीय जगहों पर भेज दिया था। शुक्रवार शाम दूसरे चरण के मतदान के बाद छबड़ा, अटरू और मांगरोल के प्रत्याशियों को भी पार्टी की निगरानी में ले लिया गया। दूसरे चरण में मतदान के बाद देर रात तक ईवीएम और चुनाव सामग्री को उपखंड मुख्यालयों पर बने संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाया गया। सभी ईवीएम को सीलबंद करके स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। बता दें कि पहले चरण में बारां, अंता और सीसवाली में 9 सितंबर को मतदान हुआ था। मतदान के बाद प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जीत के दावे कर रहे हैं। समर्थकों को एकजुट रखने के लिए बाड़ाबंदी की जा रही है। वहीं, बूथवार मतदान प्रतिशत के आधार पर जीत-हार का गणित भी लगाया जा रहा है।