बारां पंचायतीराज चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व महिला बीएसएफ जवान माया औड को वार्ड 23 से प्रत्याशी बनाया है। टिकट मिलने के बाद माया ने कहा कि उन्होंने पांच साल तक देश की सेवा की है और अब समाज की सेवा करना चाहती हैं। माया औड 174 बटालियन बीएसएफ में महिला कॉन्स्टेबल के तौर पर पश्चिम बंगाल के रानीनगर में तैनात थीं। पारिवारिक समस्याओं के चलते उन्हें फौज छोड़कर घर आना पड़ा। घर आने के बाद उन्होंने समाज की स्थिति देखी और महसूस किया कि कुछ बदलाव की जरूरत है। इसी सोच के साथ उन्होंने तय किया कि जब वह देश की सेवा कर सकती हैं, तो समाज की सेवा भी कर सकती हैं। परानिया निवासी माया औड ने भाजपा का आभार जताया। उन्हें भरोसा है कि वह चुनाव जीतेंगी और जनता की समस्याओं को हल करने की पूरी कोशिश करेंगी।