बारां में महिला थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर बालिकाओं को परेशान करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक बालिका को दोस्ती की रिक्वेस्ट भेजने के बाद लगातार मिलने और फोटो भेजने का दबाव बना रहा था। मना करने पर भी वह नहीं रुका। परेशान होकर बालिका ने महिला थानाधिकारी आशा सिंह से संपर्क कर अपनी परेशानी बताई। जागरूकता कार्यक्रमों में मिले नंबर से उसे मदद मांगने की हिम्मत मिली। आशा सिंह ने मामले को गंभीर देखकर टीम बनाई और योजना बनाकर कार्रवाई की। युवक के दबाव के चलते बालिका को तय जगह पर बुलाया गया। पुलिस टीम पहले से मौजूद थी। युवक के पहुंचते ही उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। इस एक्शन से सोशल मीडिया पर बालिकाओं को परेशान करने वालों को कड़ा संदेश मिला है।