बारां में हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर 'जल्दी 302' लिखने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 21 साल के तेजसिंह उर्फ तेजा राजपूत को पकड़ा है। आरोपी ने चाकू और तलवार के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया पर डाली थी। कैप्शन में उसने 'जल्दी 302' लिखा, जिसे हत्या की धमकी माना जा रहा है। पोस्ट वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेकर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, तेजसिंह के खिलाफ पहले से ही हत्या का एक मामला दर्ज है। वह बारां के चरीघाट रोड का रहने वाला है। एसपी अभिषेक अंदासु के निर्देश पर जिले में सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों और हथियारों के प्रदर्शन के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है। 17 अक्टूबर को इसी के तहत कार्रवाई हुई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।