बाड़मेर शहर में एक जिम संचालक​ किरायदार और मालिक के बीच विवाद हो गया। इस विवाद में यहां रहने वाले लोग और पड़ोसी भी धरने पर बैठ गए और जिम खाली करने की मांग कर ने लगे। मामला शहर के राय कॉलोनी रोड ओमेगा टॉवर में गुरुवार सुबह का है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाया। दरअसल, ये विवाद जिम संचालक और मालिक के बीच बिल्डिंग खाली करवाने को लेकर हुआ था। पड़ोस में रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया कि जिम में होने वाले शोर से बच्चों की पढ़ाई खराब हो रही है। इसके साथ ही यहां आने वाले लोग गाली-गलाैज भी करते है। मालिक और पड़ोसी बच्चों को लेकर पहुंचे मिल गुरुवार को मालिक और पड़ोस की महिलाएं और बच्चे जिम में पहुंच गए। वहां पर धरना दे दिया। जानकारी के अनुसार मालिक और जिम संचालक के बीच दो साल का एग्रमीमेंट था, जो पूरा हो चुका था। इसके बाद भी जिम को खाली नहीं करवाया जा रहा था। महिलाओं ने आरोप लगाया कि जिम में देर रात तक होने वाले शोर-शराबे से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। वे लोग बच्चों को भी नहीं पढ़ा पा रहे है। महिलाओं का कहना था कि यहां आने वाले युवक गलत कमेंट करते हैं और गालियां भी देते है। बिल्डिंग मालिक गोपी ने बताया- जिम के भारी वजन और अनियंत्रित गतिविधियों के कारण छत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि छत की मरम्मत करानी है। लेकिन जिम संचालक गुंडों को बुलाकर धमकियां दे रहा है और खाली करने से इनकार कर रहा है। कोतवाली थाना के एएसआई सांवलाराम ने बताया- पुलिस ने दोनों पक्षों को मौके पर ही समझाइश कर दी। विवाद सुलझाने के लिए दोनों को डॉक्युमेंट के साथ थाने बुलाया है। मामले की जांच के बार आगे की कार्रवाई की जाएगी।