बाड़मेर जेल से हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक कैदी फरार हो गया। शुक्रवार को कैदियों की हाजिरी के दौरान उसके मौजूद नहीं मिलने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन ने अपने स्तर पर आसपास तलाश की, लेकिन कैदी का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद जेल उपाधीक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि बाड़मेर जेल में खुला बंदी शिविर संचालित होता है। हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा पाए कैदी भावेश उर्फ बंटी पुत्र मंगलाराम, निवासी कमला नेहरू नगर, प्रतापनगर थाना क्षेत्र, जोधपुर को जोधपुर सेंट्रल जेल से बाड़मेर जेल शिफ्ट किया गया था। वह करीब एक साल से बाड़मेर जेल में सजा काट रहा था। 11 सितंबर को हाजिरी के दौरान नहीं मिला एएसपी के अनुसार, 11 सितंबर को कैदियों की हाजिरी ली गई थी। इस दौरान भावेश उर्फ बंटी मौजूद नहीं मिला। जेल प्रशासन ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश की, लेकिन जब उसका पता नहीं चला तो जेल उपाधीक्षक ने थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी है। 2013 के मर्डर केस में मिली थी उम्रकैद भावेश उर्फ बंटी को जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में वर्ष 2013 में दर्ज हत्या के मामले में जोधपुर अपर सेशन न्यायाधीश संख्या-2 की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। कोर्ट ने उस पर 1 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया था। जुर्माना जमा नहीं करने पर उसे 5 साल का अतिरिक्त कारावास भुगतने का आदेश दिया गया था। जानकारी के अनुसार, उम्रकैद की सजा के दौरान वह करीब 6 साल 8 महीने जोधपुर सेंट्रल जेल में रहा, इसके बाद उसे बाड़मेर जेल में शिफ्ट किया गया था। अब उसके फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।