बाड़मेर जिले में पंचायतीराज चुनाव के दोनों चरणों का मतदान पूरा हो गया है। जिला परिषद के 36 और 17 पंचायत समितियों के 267 वार्डों में प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है। अब प्रत्याशी और समर्थक मतदान के आंकड़ों और गांवों से मिले फीडबैक के आधार पर हार-जीत का गणित लगा रहे हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को होगी। इसके बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव होंगे। दोनों चरणों में 303 वार्डों के लिए हुआ मतदान बाड़मेर जिले में जिला परिषद के 37 वार्ड और 10 पंचायत समितियों के 269 वार्ड हैं। इनमें जिला परिषद के वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध जीत गईं। वहीं, भाजपा के प्रत्याशी पंचायत समिति के दो वार्डों में निर्विरोध जीते। इसके बाद दोनों चरणों में जिला परिषद के 36 और पंचायत समितियों के 267 वार्डों के लिए मतदान कराया गया। पहले चरण में 69.01% और दूसरे चरण में 72.82% मतदान हुआ। दोनों चरणों के मतदान प्रतिशत में करीब 3.81% का अंतर रहा। दो चरणों में हुए 17 पंचायत समिति के चुनाव बाड़मेर जिले में जिला परिषद और 17 पंचायत समितियों के वार्डों के लिए दो चरणों में मतदान हुआ। पहले चरण में जिला परिषद के 23 वार्डों में 71 प्रत्याशी मैदान में थे। वहीं, 10 पंचायत समितियों के 158 वार्डों में 465 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। दूसरे चरण में जिला परिषद के 13 वार्डों में 43 प्रत्याशी और 7 पंचायत समितियों के 109 वार्डों में 345 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रहे। अब आंकडों में तलाश रहे जीत का गणित मतदान पूरा होने के बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने-अपने इलाकों में वोटों के संभावित बंटवारे का आकलन कर रहे हैं। पंचायत समिति और जिला परिषद के वार्डों में किस प्रत्याशी को कितना समर्थन मिला, इसे लेकर चर्चाएं चल रही हैं। मतदान केंद्रों और गांवों से मिले फीडबैक के आधार पर प्रत्याशी अपनी जीत-हार के समीकरण बैठा रहे हैं। मतगणना के बाद होगा पदों का चुनाव जिला परिषद और पंचायत समितियों के सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी। इसके बाद जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव कराए जाएंगे। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर को होगा। वहीं, प्रधान के चुनाव 27 नवंबर और उप प्रधान के चुनाव 28 नवंबर को होंगे। दूसरे चरण में 72.82 प्रतिशत मतदान जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल ने बताया कि दूसरे चरण में कुल 3,53,235 मतदाता थे। इनमें से 2,57,232 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह दूसरे चरण में कुल मतदान प्रतिशत 72.82 रहा।