ब्यावर में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों पर रविवार को बैठक हुई। कलेक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी कमलराम मीना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल थे। मीना ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी और सभी दलों से स्वतंत्र व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सहयोग मांगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएंगी। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ राजनीतिक दलों और आमजन की सहभागिता महत्वपूर्ण है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट सहित भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, सीपीआई एवं अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। 23 तक जमा होंगे नामांकन जिला परिषद सदस्यों के लिए लोक सूचना 19 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन पत्र 23 अक्टूबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा होंगे। इनकी जांच 24 अक्टूबर को होगी और नाम वापसी 26 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक होगी। इसके बाद चुनाव चिह्न दिए जाएंगे। पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव 2 चरणों में होंगे। तीसरे चरण की लोक सूचना 19 अक्टूबर और चौथे चरण की 31 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन क्रमशः 23 अक्टूबर और 4 नवंबर तक जमा होंगे। तीसरे चरण के नामांकन की जांच 24 अक्टूबर और चौथे चरण की 5 नवंबर को होगी। नाम वापसी की अंतिम तारीखें क्रमशः 26 अक्टूबर और 6 नवंबर हैं। नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित होंगे। पंच-सरपंच के लिए 4 और 15 नवंबर को नामांकन पंच एवं सरपंच पदों के लिए तृतीय चरण की लोक सूचना 19 अक्टूबर और चतुर्थ चरण की लोक सूचना 31 अक्टूबर को जारी होगी। तृतीय चरण के लिए 4 नवंबर तथा चतुर्थ चरण के लिए 15 नवंबर को नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति के लिए 3 व 14 नवंबर को मतदान जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए तृतीय चरण का मतदान 3 नवंबर तथा चतुर्थ चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। दोनों चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतदान दलों का प्रस्थान एवं पहुंच तृतीय चरण के लिए 2 नवंबर और चतुर्थ चरण के लिए 13 नवंबर को होगी। पंच एवं सरपंच पदों के लिए तीसरे चरण का मतदान 5 नवंबर और चौथे चरण का मतदान 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। पंच-सरपंच पदों की मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी। उपसरपंच का चुनाव तृतीय चरण में 6 नवंबर तथा चतुर्थ चरण में 17 नवंबर को होगा।