बेगूं में विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। नगरपालिका की ओर से राउमावि छापरा खेल मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का रंगीन आतिशबाजी के साथ दहन किया गया। पटाखों की गूंज और आसमान में छाई रंग-बिरंगी रोशनी के बीच रावण का पुतला जल उठा। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में पहुंचे। यहां दशहरा मेले का भी आयोजन किया गया। पहलवानों ने अखाड़े में दिखाए करतब दशहरा कार्यक्रम के दौरान बजरंग व्यायामशाला के पहलवानों ने अखाड़े में अपने करतब दिखाए। आतिशबाजी और रावण दहन देखने के लिए मैदान में लोगों की भीड़ जुटी रही। कार्यक्रम में एसीजेएम डॉ. पीयूष जैलिया, नगरपालिका अध्यक्ष गरिमा शर्मा और डीएसपी अंकित कुड़ी सहित कई अतिथि मौजूद रहे। बजरंग व्यायामशाला अध्यक्ष शंभूलाल डिडवानिया, सत्यपाल शिल्पकार, सतीश अग्रवाल, शंभूलाल धाकड़, राकेश गुर्जी, कुलदीप डिडवानिया, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र आंचलिया और आशुतोष भट्ट सहित पार्षद भी शामिल हुए। चेची गांव में 55 फीट ऊंचे रावण का दहन बेगूं के साथ चेची गांव में भी विजयादशमी पर रावण दहन किया गया। यहां ग्रामीणों के सहयोग से 55 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया था। भव्य आतिशबाजी के बीच पुतले का दहन हुआ। इस दौरान पुतले के दोनों कोनों से रोशनी निकली, जबकि एक आंख से रोशनी के आंसू निकलते दिखाई दिए। यह नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। चेची में रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मदन गोपाल धाकड़, कैलाश धाकड़, प्रभूलाल धाकड़ और राधेश्याम सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।