भरतपुर जिले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना (68) की 11 अक्टूबर को पीट-पीटकर हुई हत्या के मामले में पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब पूर्व भाजपा विधायक की इतनी निर्मम तरीके से हत्या हुई है, तो सरकार ने कार्रवाई करने में तीन दिन क्यों लगा दिए? पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि सरकार ने निलंबन और एपीओ जैसी फौरी कार्रवाई करके अपनी जिम्मेदारी पूरी करने की कोशिश की। गहलोत दो दिवसीय दौरे पर रविवार को जैसलमेर आए हुए थे। सोमवार को फलोदी रवाना होने से पहले उन्होंने एक होटल में मीडिया से बातचीत की। गहलोत ने पूर्व विधायक की हत्या के मामले में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वे खुद पीड़ित परिवार के घर जाकर आए हैं। जिस तरीके से हत्या की गई, वह बेहद गंभीर मामला है। इसके बावजूद सरकार की ओर से समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए पूछा कि ऐसी गंभीर घटना के बाद क्या उन्हें मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार है? 'आईजी-एसपी को बुलाकर पूछताछ तक नहीं की' गहलोत ने कहा कि पूर्व विधायक की हत्या का मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके बावजूद सरकार ने मामले की गंभीरता के अनुरूप तत्काल कार्रवाई नहीं की। उन्होंने सवाल उठाया कि संबंधित आईजी और एसपी को बुलाकर यह तक नहीं पूछा गया कि आखिर पूरा मामला क्या है और इस तरह की घटना कैसे हुई? मामले में केवल निलंबन और एपीओ जैसी कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। गहलोत ने कहा कि यह घटना मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से जुड़े जिले की है। ऐसे में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। अकाल की स्थिति को लेकर शुरू किया किसान संवाद गहलोत ने राजस्थान में अकाल जैसी स्थिति को देखते हुए किसानों और पशुपालकों की समस्याओं को लेकर जैसलमेर जिले में किसान संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। संवाद के दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत की और ग्रामीण क्षेत्रों में चारे और पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में किसानों और पशुपालकों को राहत पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए सरकार को पशु चारा डिपो खोलने, चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल की व्यवस्था करने जैसे कदम उठाने चाहिए। अकाल की स्थिति में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए समय रहते राहत कार्य शुरू करना जरूरी है। समस्याओं को सामने लाएंगे, सरकार को जगाने का करेंगे काम पूर्व मुख्यमंत्री ने किसान संवाद के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को सामने लाकर सरकार को जगाने का काम किया जाएगा। उन्होंने अकाल की स्थिति को गंभीर बताते हुए प्रभावित क्षेत्रों में लोगों और पशुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत जताईं। ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान- भाजपा के पूर्व-विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या:ग्रामीणों ने लाठी-पत्थरों से किया हमला, परिजन बोले- पुलिस मौके पर नहीं पहुंची राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक और बीजेपी नेता अतर सिंह भड़ाना (68) की हत्या कर दी गई। हमले में उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर घायल हो गए। अतर सिंह को गंभीर हालत में रविवार(11 अक्टूबर) रात 11:30 बजे SMS हॉस्पिटल लाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूरी खबर पढ़िए