भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल के पास एक व्यक्ति ने अपने ही साढ़ू पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। दोनों के बीच सोने की अंगूठी खोने को लेकर विवाद हुआ था। तांत्रिक के बहकावे में आकर आरोपी ने रिश्तेदार महिला पर शक किया, जिसके बाद मामला बढ़ गया। 27 मार्च को जन्मदिन कार्यक्रम में खोई अंगूठी हरमुख सिंह निवासी इंद्रा नगर ने बताया कि उनके बड़े बेटे हरिद्वार सिंह की बेटी मान्या का 27 मार्च को जन्मदिन था। घर पर पूजा-पाठ का कार्यक्रम रखा गया था। इसमें हरिद्वार सिंह का साढ़ू देवेंद्र अपने परिवार के साथ आया था। कार्यक्रम के दौरान देवेंद्र की पत्नी करिश्मा ने बताया कि उसकी सोने की अंगूठी घर में कहीं खो गई है। सभी ने अंगूठी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। तांत्रिक ने महिला पर जताया शक हरिद्वार सिंह ने देवेंद्र को समझाया कि सुबह सफाई के दौरान अंगूठी मिल सकती है, लेकिन 28 मार्च को भी अंगूठी नहीं मिली। कुछ दिन बाद देवेंद्र एक तांत्रिक के पास गया। तांत्रिक ने उसे बताया कि अंगूठी उसी कार्यक्रम में खोई है और वह एक लंबी व गोरे रंग की महिला के पास है। हरिद्वार की बहन पर किया आरोप, हुआ विवाद तांत्रिक की बात पर देवेंद्र को शक हुआ कि अंगूठी हरिद्वार सिंह की बहन लक्ष्मी के पास है। इसी बात को लेकर देवेंद्र अपने परिजनों के साथ हरिद्वार के घर पहुंचा। जैसे ही उसने लक्ष्मी पर आरोप लगाया, दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस दौरान हरिद्वार के हाथ में हल्की चोट आई। अस्पताल से लौटते समय घेरकर हमला आज हरिद्वार सिंह अपनी पत्नी मधु के साथ आरबीएम अस्पताल में चोट दिखाने गया था। वापस लौटते समय देवेंद्र और उसके परिजनों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पत्नी को बचाने आई महिला से भी मारपीट हमले में हरिद्वार सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है और पैर में फ्रैक्चर हो गया। जब उनकी पत्नी मधु बचाने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। घायल हरिद्वार को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी मथुरा गेट थाना अधिकारी हर लाल ने बताया - आरबीएम अस्पताल चौराहे पर मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के चलते यह हमला किया गया। आरोपियों की तलाश जारी है।