भीलवाड़ा के गुलाबपुरा इलाके में सोमवार सुबह विस्फोटक से भरी पिकअप में ब्लास्ट हो गया। हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई। पिकअप का इंजन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा। लोग घरों से बाहर निकल आए। थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने बताया - हादसे में बूंदी निवासी राम अवतार (35) की मौत हो गई। उन्होंने बताया आगूंचा गांव में रहने वाले रामदेव खटीक के बाड़े में हुआ। यहां विस्फोटक से भरी पिकअप खड़ी थी। जिसमें अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और चेचिस, टायर, इंजन कई फीट दूर जाकर गिरे। बाड़े की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और आसपास के मकानों में दरारें आ गईं। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है, मामले की जांच की जा रही है। देखिए हादसे से जुड़ी PHOTOS धमाके की आवाज सुनकर अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। ब्लास्ट से आसपास के मकानों के दरवाजों और खिड़कियों के कांच टूट गए, जबकि कुछ दीवारों में दरारें आने की जानकारी भी सामने आई है। थाना प्रभारी ने बताया- ब्लास्ट के कारणों और विस्फोटक की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है।