आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की मां प्रेम देवी का मंगलवार को निधन हो गया। वे पिछले करीब एक वर्ष से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज मुंबई के टाटा हॉस्पिटल में चल रहा था। मंगलवार शाम भीलवाड़ा पहुंचे मुकेश आईपीएल के चलते मुंबई में टीम के साथ थे। मां के निधन की सूचना मिलते ही तुरंत भीलवाड़ा के लिए रवाना हुए। मंगलवार शाम वे अपने ननिहाल ‘गढ़वालों का खेड़ा’ पहुंचे, जहां उन्होंने अपने बड़े भाई डॉ. राजेश के साथ मिलकर अंतिम संस्कार में मुखाग्नि दी। भीलवाड़ा के रहने वाले हैं मुकेश मुकेश मूल रूप से भीलवाड़ा जिले की ग्राम पंचायत गढ़वालों का खेड़ा के परड़ोदास गांव के निवासी हैं। उनका परिवार लंबे समय से महाराष्ट्र में रह रहा है, जहां उनके पिता गोपाल चौधरी ट्रैक्टर कंप्रेसर का व्यवसाय करते हैं। अस्पताल में धोनी ने की थी मुलाकात पारिवारिक मित्र हरफूल ने बताया कि इस कठिन समय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने परिवार का पूरा सहयोग किया। धोनी न केवल मुकेश का हौसला बढ़ाते रहे, बल्कि स्वयं अस्पताल पहुंचकर उनकी मां से मुलाकात भी की।