चोर ने मंदिर में घुसकर भगवान की मूर्तियों को प्रणाम किया और 2 लाख के गहने उतार कर फरार हो गया। दो दिन बाद चोर लौटा और गहनों की पोटली उछालकर उसी मंदिर के परिसर में फेंक गया। पुजारी ने पोटली खोली तो सभी गहने सलामत थे। साथ ही 201 रुपए की भेंट का लिफाफा था। घटना भीलवाड़ा के मांडल कस्बे की मोहन कॉलोनी के सांवरिया सेठ मंदिर की है। गुरुवार दोपहर 1 बजे के करीब चोर बाइक पर आया। मंदिर के पीछे वाली गली में बाइक खराब होने का बहाना बनाया। इसके बाद मंदिर के गेट के पास आकर गहनों की पोटली को परिसर के अंदर फेंक दिया। मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। शाम 5 बजे मंदिर पहुंचे पुजारी मयंक वैष्णव को गहनों की पोटली मिली। पोटली में चोरी गए सभी गहने, लिफाफा भी मिला सांवरिया सेठ मंदिर के ट्रस्टी सुरेंद्र प्रताप सुवालका ने बताया- चोर ने मंगलवार को भगवान का चांदी का मुकुट, बांसुरी, हाथों के आठ चांदी के कड़े और पैरों के दो कड़े चोरी हो गए थे। सभी गहने मिल गए हैं। पोटली के साथ एक लिफाफा मिला है जिसमें 201 रुपए मिले हैं। इससे पहले मंगलवार दोपहर 3 बजे के करीब चोर काली टीशर्ट और कैप में आया था। पीठ पर बैग था।चोरी करने से पहले उसने भगवान को प्रणाम किया था और परिक्रमा भी लगाई थी। फिर गर्भगृह में जाकर चांदी के गहने उतारकर फरार हो गया था। घटना का सीसीटीवी सामने आया था चोरी और गहने लौटाने के मामले की चर्चा पहले चोरी के वारदात और उसके बाद गहने लौटाए जाने का मामला चर्चा में है। चोरी के बाद श्रद्धालुओं में चिंता और आक्रोश था। मंदिर मांडल थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। वारदात दिनदहाड़े हुई इसलिए पुलिस पर सवाल उठ रहे थे। चोरी होने और गहने लौटाए जाने की दोनों घटनाएं सीसीटीवी में कैद हुईं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। मांडल थाना इंचार्ज गजेंद्र सिंह का कहना है कि सीसीटीवी की जांच कर रहे हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है। फिलहाल चोर के पकड़े जाने के बाद ही साफ होगा कि उसने चोरी की वारदात को अंजाम क्यों दिया और फिर दो दिन में ऐसा क्या हुआ कि वह गहने लौटाने पहुंच गया। यह खबर भी पढ़ें पहले धोक,फिर परिक्रमा और उसके बाद चुराए 2-लाख के गहने:सांवरिया सेठ मंदिर से दिन दहाड़े चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात भीलवाड़ा में एक चोर ने सांवरिया सेठ के मंदिर को निशाना बनाया। आरोपी ने मंदिर में पहले भगवान की परिक्रमा की, हाथ जोड़कर प्रार्थना की और धोक लगाई। इसके बाद भगवान सांवरिया सेठ के चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)