भीलवाड़ा के पटेल नगर की मानसरोवर झील में डूबने से 27 साल के युवक की मौत हो गई। ये युवक मानसरोवर झील में खड़ी नाव लेकर झील के बीच में बोटिंग करने गया था। इसी दौरान नाव का बैलेंस बिगड़ गया और नाव पलट गई। डूबने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है।थाने के हेड कॉन्स्टेबल गोविंद सिंह ने बताया- पटेल नगर सेक्टर-9 निवासी शिवम सिंह राजपूत (27) पुत्र अनिल सिंह राजपूत शुक्रवार दोपहर को मानसरोवर झील पर पहुंचा। झील के किनारे खड़ी एक नाव में बैठ गया और उसे चलाते हुए झील के बीच में ले गया। इसी दौरान अचानक नाव का बैलेंस बिगड़ गया और नाव पलट गई। नाव पलटने से शिवम गहरे पानी में जा गिरा और डूबने लगा। खुद तैरकर बाहर आ रहा था, थका और डूब गया इस दौरान शिवम ने कुछ देर तक तैरकर खुद को बचाने और बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन झील का किनारा काफी दूर होने के कारण वो थक गया और पानी में डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसी दौरान झील के पास बैठा निलेश कुमार तुरंत झील के पास पहुंचा और पानी में उतरकर उसने शिवम को बाहर निकाला। उसे अस्पताल लेकर पहुंचा जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव परिजनों को सौंपा हादसे की सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि मृतक शिवम बेरोजगार था और पिछले दो महीनों से अपने घर भी नहीं गया था। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया।