भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित विवादित बयान को लेकर शनिवार को बीकानेर में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं देहात के संयुक्त तत्वावधान में कोटगेट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान राठौड़ के बयान का वीडियो एलईडी के माध्यम से आमजन को भी दिखाया गया। बीडी कल्ला ने पीएम मोदी पर भी साधा निशाना पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने मदन राठौड़ पर निशाना साधते हुए उन्हें पाकिस्तान का एजेंट बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राठौड़ के बयान से भाजपा का दोहरा रवैया सामने आया है। कल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए पाकिस्तान यात्रा के दौरान बिरयानी खाने की बात भी कही और भाजपा पर राजनीतिक दोहरे पन का आरोप लगाया। शहर और देहात कांग्रेस अध्यक्ष ने उठाए सवाल जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने भाजपा और आरएसएस की ऐतिहासिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाए। उन्होंने कहा- भाजपा नेताओं को अपने बयानों पर जवाब देना चाहिए। वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि भाजपा नेताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि पाकिस्तान को लेकर उनकी नीति क्या है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का आकलन भाषणों से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हितों के प्रति प्रतिबद्धता से होना चाहिए। वीरेंद्र बेनीवाल और यशपाल गहलोत ने भी साधा निशाना पूर्व मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल ने भाजपा के राष्ट्रवाद पर सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान का मुद्दा कभी चुनावी राजनीति में इस्तेमाल होता है, तो कभी नेताओं के बयानों को लेकर विवाद खड़ा होता है। पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने भी आरएसएस की स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि देशभक्ति किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है। कार्रवाई की मांग प्रदर्शन के दौरान पीसीसी महासचिव गजेंद्र सिंह सांखला, विक्रम स्वामी, डॉ. प्रीति मेघवाल, शर्मिला पंचारिया, वंदना गुप्ता, शलीना खान, बेनजीर बानो, नंदलाल, करणी सिंह राजपुरोहित, हसन अली, आनंद सिंह सोढ़ा, नितिन वत्स, सुमित कोचर, मनोज चौधरी और जाकिर नागौरी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने मदन राठौड़ के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्हें पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की। जिला संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल और शहर कांग्रेस प्रवक्ता भीखाराम के अनुसार, प्रदर्शन में शहर और देहात के अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।