बीकानेर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बदमाश दुर्गेश सोनी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को बीछवाल पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया और उनके पास से एक पिस्टल बरामद की। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से हथियार सप्लाई से जुड़े थे। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू की है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विकास बिश्नोई और किशन सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। दोनों पर अवैध हथियारों की सप्लाई करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये दोनों पहले भी कई बदमाशों को हथियार उपलब्ध करा चुके हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को बीछवाल पुलिस ने गिरफ्तार किया। हथियार नेटवर्क पर हमला इसी एफआईआर के आधार पर बीछवाल पुलिस ने हथियार सप्लाई नेटवर्क में शामिल सत्तार खान उर्फ अब्दुल और महबूब उर्फ मोनू की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में छह-छह मामले दर्ज हैं और ये लंबे समय से अवैध हथियारों की सप्लाई में लिप्त रहे हैं। पुलिस ने विकास बिश्नोई और किशन सिंह से पूछताछ के आधार पर कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए सत्तार और महबूब तक पहुंच बनाई। अब इन दोनों से पूछताछ के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है। अभी और होगी कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा की सख्ती के चलते जिले में नशे के साथ-साथ अवैध हथियारों की सप्लाई करने वालों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। इससे पहले भी पुलिस कई मामलों में हथियारों की बरामदगी कर चुकी है। कई बार तो पुलिस अभियान के तहत सौ-सौ हथियार जब्त कर चुकी है।