भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा(BJYM) के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा शुक्रवार को अपने एक दिवसीय प्रवास पर सीमावर्ती जिले जैसलमेर पहुंचे। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा स्थित जिला भाजपा कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की और भाजपा का दुपट्टा पहनाकर गोरा का गर्मजोशी से स्वागत किया। जिला कार्यालय में मीडिया से बातचीत में गोरा ने कहा कि राज्य की पूर्ववर्ती सरकार और अशोक गहलोत रिफाइनरी को लेकर केवल झूठ फैलाते रहे हैं। उनके पास जनता को गुमराह करने के सिवाय और कुछ नहीं है। दरअसल, शंकर गोरा इन दिनों 9 जिलों के युवाओं से मिलकर युवा संवाद कार्यक्रम चला रहे हैं। गोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री की पचपदरा यात्रा को लेकर ज्यादा से ज्यादा युवाओं को उस कार्यक्रम के लिए जोड़ने का काम किया जा रहा है। गोरा ने कहा कि रिफाइनरी के कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह है और इस ऐतिहासिक मौके पर युवाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी हो, हम सब मिलकर यही प्रयास कर रहे हैं महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए गोरा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार दे रही है, जो कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें हक दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने स्थानीय ओरण संरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। युवा संवाद कार्यक्रम से युवाओं की भागीदारी बढ़ाएंगें शंकर गोरा इन दिनों 9 जिलों के युवाओं से मिलकर युवा संवाद कार्यक्रम चला रहे हैं। उनका कहना है- प्रधानमंत्री की पचपदरा यात्रा को लेकर ज्यादा से ज्यादा युवाओं को उस कार्यक्रम के लिए जोड़ने का काम किया जा रहा है। रिफाइनरी के कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह है और इस ऐतिहासिक दिन पर युवाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी हो हम सब मिलकर यही प्रयास कर रहे हैं। निकाय चुनावों में जीत का किया दावा आगामी निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर गोरा ने कहा कि सरकार प्रदेश में चुनाव करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि आगामी निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा डंके की चोट पर भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। युवा मोर्चा का एक-एक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए तैयार है। इस दौरान आयोजित बैठक में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सीपी शारदा, जिला मंत्री कँवराजसिंह, सुशील व्यास, सुरेंद्रसिंह, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।