माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर के निर्देशानुसार सत्र 2026-27 के तहत सरदार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटपूतली में पांच ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने अपनी बौद्धिक क्षमता, रचनात्मक सोच, कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में निबंध लेखन, आशु भाषण, क्विज, चित्रकला, एकल गीत शामिल रहे। विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। निबंध लेखन में अविका जाट, आशु भाषण में यशस्वी सैनी, क्विज में हेमलता सैनी, चित्रकला में सोनिया, एकल गीत में लक्की गौड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता आगामी 2 से 4 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में कोटपूतली ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पूरण कसाना एवं प्रतियोगिता संयोजक तथा विद्यालय प्राचार्य नरेश कुमार बंसल ने विजेताओं को पारितोषिक प्रदान किया। निर्णायक मंडल में पुष्पा सैनी, मनमोहन सिंह यादव, सुनीता मीणा, गुरुदयाल यादव, नरेश कुमार, राजेश कुमार, संदीप जांगिड़ शामिल रहे। निर्णायकों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।