डूंगरपुर| रामसागड़ा थाना क्षेत्र के माड़ा बरंडा फला में घर से लापता हुई युवती का शव कुएं में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, माड़ा बरंडा फला निवासी गौतमलाल की बेटी संगीता 21 अक्टूबर की रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गई थी। अगली सुबह परिजनों ने देखा तो वह खाट पर नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। अगली सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में संगीता का शव दिखाई दिया। जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। रामसागड़ा थाने के हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।